उत्तर प्रदेश सरकार खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राजधानी लखनऊ के लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह समेत कई खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
इस पहल के तहत रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी बनाया जाएगा, जबकि पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और हॉकी खिलाड़ी राज कुमार पाल को पुलिस उप अधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी अजीत सिंह और सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी तथा प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी (BDO) के पद पर नियुक्ति दी जाएगी।
ये सभी नियुक्तियां ‘उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022’ के तहत की जा रही हैं, जिसका उद्देश्य ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौ खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से भी सम्मानित करेंगे। इनमें गाजीपुर के हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह, प्रयागराज के जिम्नास्ट अभिजीत कुमार और गौतमबुद्ध नगर के कुश्ती खिलाड़ी जोन्टी कुमार जैसे नाम शामिल हैं।
इसके साथ ही कई खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इनमें गोरखपुर के विनय को पैरा पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक के लिए 40 लाख रुपये, मेरठ के विक्रांत बालियान और बागपत के सागर दांगी को 15-15 लाख रुपये, तथा गाजियाबाद के दीपक कुमार और लेफ्टिनेंट कर्नल भानू पाठक को माउंट एवरेस्ट फतह करने के लिए सम्मानित किया जाएगा।
यह पहल न केवल खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने वाली है, बल्कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

