Posted By : Admin

PM मोदी के दौरे से एक्सप्रेसवे बंद, 14 अप्रैल तक लागू रहेगा नया ट्रैफिक रूट

नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर देवभूमि में तैयारियां अपने चरम पर हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रोड शो और जनसभा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी के चलते दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को 14 अप्रैल तक यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है और कई रूट डायवर्ट किए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले नए ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर लें और वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

प्रशासन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गणेशपुर क्षेत्र में सड़क मरम्मत कार्य और प्रधानमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे देहरादून, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है। ऐसे में यात्रियों को पुराने और वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना होगा।

देहरादून पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड, धर्मावाला चौक और बेहट होते हुए गंतव्य तक पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा रिस्पना पुल, जोगीवाला, लालतप्पड़ और रायवाला के रास्ते हरिद्वार होकर यात्रा की जा सकती है। वहीं चकराता और विकासनगर जाने वाले वाहन धर्मावाला चौक और शाकुम्भरी देवी मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देहरादून में करीब 12 से 14 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो प्रस्तावित है, जिसके बाद एक विशाल जनसभा आयोजित होगी। इस जनसभा में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड में इस कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

सभा में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए भी विशेष रूट और पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। कुमाऊं और हरिद्वार की ओर से आने वाली बसों को रिस्पना पुल, आराघर और घंटाघर होते हुए निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जाएगा। वहीं विकासनगर, प्रेमनगर, मसूरी और रुड़की की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस एक्सप्रेसवे को राज्य के विकास के लिए मील का पत्थर बताया है। करीब 210 किलोमीटर लंबा यह 6-लेन एक्सप्रेसवे अक्षरधाम को देहरादून से जोड़ेगा। इसकी खासियत 12 किलोमीटर लंबा ग्रीन एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो राजाजी नेशनल पार्क के इको-सेंसिटिव जोन से होकर गुजरता है।

एक्सप्रेसवे के पूरी तरह शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर महज 2.5 से 3 घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जो पहले 6 से 7 घंटे का होता था। इस परियोजना को उत्तर भारत की कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Share This