Posted By : Admin

सोमनाथ मंदिर के 75वें अमृत पर्व में शामिल हुए पीएम मोदी, भव्य रोड शो ने खींचा ध्यान

नरेंद्र मोदी सोमवार को सोमनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित ‘अमृत पर्व’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयकारों की गूंज सुनाई दी। प्रधानमंत्री ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और मंदिर के भव्य शिखर का देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया।
यह विशेष आयोजन भारत के प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र प्रशाद द्वारा पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए संत-महात्मा, श्रद्धालु और विभिन्न राज्यों के कलाकार शामिल हुए। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।
सोमनाथ पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भव्य रोड शो भी किया। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और हाथों में झंडे तथा बैनर लेकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। “मोदी-मोदी” और “हर-हर महादेव” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान Bhupendra Patel और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने सोमनाथ मंदिर को भारतीय सभ्यता, आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया। पीएम ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, संघर्ष और पुनर्निर्माण की प्रेरणादायक कहानी है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक लेख साझा कर सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि सोमनाथ मंदिर ने सदियों तक अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी पहचान और गरिमा को बनाए रखा। प्रधानमंत्री ने उन लोगों को भी श्रद्धांजलि दी जिन्होंने मंदिर की रक्षा और पुनर्स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष की शुरुआत में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मंदिर पर पहले हमले के 1000 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मनाया गया था। उन्होंने सोमनाथ की यात्रा को “खंडहर से पुनर्निर्माण और विध्वंस से सृजन” की यात्रा बताया।
सोमनाथ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वडोदरा में आयोजित सरदार धाम के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Share This