प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें बधाई देते हुए एक विस्तृत ब्लॉग लिखा है। अपने लेख में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल को नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन और संकल्प के आधार पर विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में नरेंद्र मोदी का लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली, सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता, मजबूत नेतृत्व और देश को आर्थिक तथा सामरिक रूप से सशक्त बनाने की सोच ने उन्हें देश की जनता का भरोसेमंद नेता बनाया है। यही कारण है कि उनके नेतृत्व में भारत ने विकास और आत्मविश्वास का नया दौर देखा है।
मुख्यमंत्री ने अपने ब्लॉग में लिखा कि वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री मोदी ने देश की कमान संभाली थी, तब जनता ने केवल सरकार नहीं चुनी थी, बल्कि शासन की एक नई कार्यशैली और राजनीतिक संस्कृति की उम्मीद भी जताई थी। बीते 12 वर्षों में सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच में सेवा का अर्थ केवल योजनाएं लागू करना नहीं, बल्कि शासन को जनता का सेवक बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुशासन को नई पहचान मिली है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया गया है। सरकार और आम नागरिक के बीच की दूरी कम करने तथा योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक को केवल आधुनिकता का प्रतीक नहीं, बल्कि सुशासन का मजबूत माध्यम बनाया गया है।
डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी की संवाद शैली की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न वर्गों के लोगों से लगातार संवाद करते हैं और युवाओं को प्रेरित करने का कार्य करते हैं। ‘परीक्षा पे चर्चा’ और ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने समाज के हर वर्ग से सीधा जुड़ाव स्थापित किया है। मुख्यमंत्री ने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने वाली पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। यह केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और दुनिया की अग्रणी शक्तियों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।
अपने ब्लॉग में मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के विकास में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना, पीएम मित्र पार्क, मेट्रो रेल परियोजनाओं और औद्योगिक निवेश जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से आगे बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि धार में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन होना मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मध्य प्रदेश में उद्योगों का विस्तार हो रहा है, बुनियादी ढांचे को मजबूती मिल रही है और राज्य निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त बनाने में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत के प्रति गर्व की भावना मजबूत हुई है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास और विश्व स्तर पर योग एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार को उन्होंने सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।
अपने ब्लॉग के अंत में डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को केवल योजनाओं और आंकड़ों से नहीं आंका जा सकता। यह कालखंड भारत के आत्मविश्वास, राष्ट्रीय चेतना और विकास की नई सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और संकल्प के आधार पर प्रधानमंत्री मोदी ने नए भारत की मजबूत आधारशिला रखी है, जो आने वाले वर्षों में देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करती रहेगी।

