कानपुर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर रूमा स्थित न्यू जेके ढाबा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन की छत तक उखड़ गई।
हादसे के समय स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे, जो हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो किसी अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और खड़े ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस, एनएचएआई और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो और ट्रक को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
