Posted By : Admin

अमरोहा में गरजे CM योगी, बोले- माफिया की जगह अब जेल या जहन्नुम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अमरोहा दौरे के दौरान जिले को 207.49 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और अमरोहा की प्रसिद्ध ढोलक एवं तबला उद्योग की विशेषताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, चेक और अन्य सहायता भी वितरित की। इनमें मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, ग्रामोद्योग रोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्वयं सहायता समूह और किसान ड्रोन अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अमरोहा अब पिछड़े जिले की पहचान से बाहर निकल चुका है और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत अमरोहा की ढोलक और तबला देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। साथ ही जिले के किसान आम की खेती के जरिए वैश्विक बाजार तक पहुंच बना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य गंगा नहर परियोजना और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं अमरोहा के विकास को नई गति देंगी और दिल्ली, लखनऊ तथा प्रयागराज जैसे शहरों तक आवागमन पहले से अधिक आसान होगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, अपराध और असुरक्षा का माहौल था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने साफ संदेश दिया है कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई और “माफिया को मिट्टी में मिला दिया गया है”, जिसके चलते आज निवेश और रोजगार का बेहतर माहौल बना है।

सरकारी भर्तियों का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब नियुक्तियों में पूरी पारदर्शिता है और युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कुछ क्षेत्रों के “सिंडिकेट” सरकारी नौकरियों में युवाओं के अधिकारों पर कब्जा कर लेते थे। उन्होंने कहा कि पहले रामपुर और सैफई का सिंडिकेट सक्रिय रहता था, लेकिन अब किसी को भी युवाओं के हक पर डाका डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने गन्ना किसानों के हितों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय गन्ना किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलता था और कई चीनी मिलें बंद हो गई थीं। वर्तमान सरकार ने प्रदेश में चीनी उद्योग को मजबूत किया है और किसानों को अब तक 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि गन्ने का मूल्य 300 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हुई है।

धार्मिक आस्था और विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, रामनवमी, दुर्गा पूजा और तिगरी मेले जैसे धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाती। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगातार कार्य कर रही है और प्रदेश में बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अब बिना किसी भेदभाव के सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले योजनाओं में भ्रष्टाचार होता था, जबकि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अमरोहा में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने तथा उनके लिए सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना लागू करने की जानकारी भी दी।

Share This