
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। यहां वह अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू होने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और आरती उतारकर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने प्रभु हनुमान की आरती उतारी।
हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद सीएम योगी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के दर्शन किए और साष्टांग दंडवत होकर प्रभु के चरणों में शीश नवाया। मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और आमजन का मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। दर्शन-पूजन के समय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



