
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया है कि राज्य का नया नाम ‘पश्चिम बंग’ (Paschim Banga) रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, जहां आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलेगा। इसी सत्र के दौरान 9 दिसंबर को नाम परिवर्तन से जुड़ा प्रस्ताव सदन में लाया जाएगा।
राज्य का नाम बदलने का मुद्दा पहले भी चर्चा में रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार ने पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘बांग्ला’ करने का प्रस्ताव विधानसभा से पारित कर केंद्र सरकार को भेजा था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली थी। उस समय नाम बदलने के पीछे एक वजह यह भी बताई गई थी कि अंग्रेजी में ‘West Bengal’ का पहला अक्षर W होने के कारण वर्णमाला के क्रम में राज्य का नाम सूची में सबसे नीचे आता है।
अब शुभेंदु अधिकारी सरकार ने ‘पश्चिम बंग’ नाम रखने का फैसला किया है। अंग्रेजी में भी इसे Paschim Banga लिखा जाएगा, जिससे नाम P अक्षर से शुरू होगा। इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी संकेत दिए थे कि राज्य सरकार नाम बदलने का प्रस्ताव विधानसभा में ला सकती है।
हालांकि, राज्य का नाम बदलने के लिए विधानसभा में प्रस्ताव पारित होना ही अंतिम कदम नहीं है। इसके बाद केंद्र सरकार की मंजूरी और आवश्यक संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने पर ही आधिकारिक रूप से नाम बदला जा सकेगा।



