Uttar Pradesh

सपा के व्यवहार से कांग्रेस नाराज, फिर भी अपने नेताओं को धैर्य रखने की नसीहत क्यों दे रहा आलाकमान?

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने और कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने से कांग्रेस के भीतर नाराजगी है। हालांकि, कांग्रेस आलाकमान ने अपने नेताओं को सार्वजनिक बयानबाजी से बचने और धैर्य बनाए रखने की सलाह दी है। पार्टी का मानना है कि गठबंधन में तनाव के बावजूद बातचीत का रास्ता बंद नहीं होना चाहिए।

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद और यूपी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा के रवैये पर खुलकर नाराजगी जताई है। बुधवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि एक तरफ गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है और दूसरी तरफ उम्मीदवारों का ऐलान किया जा रहा है। इससे लगता है कि बातचीत को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। मसूद ने यहां तक सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में सपा के साथ बातचीत जारी रखनी चाहिए या नहीं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अब पार्टी के भीतर चर्चा होगी और अंतिम फैसला आलाकमान करेगा।

दरअसल, सपा की ओर से सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा और अखिलेश यादव की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने के बाद नाराजगी बढ़ी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व ने अपने नेताओं को समझाया है कि अगर सपा के बयानों और फैसलों का जवाब उसी अंदाज में दिया गया तो गठबंधन की संभावनाएं कमजोर हो सकती हैं। कांग्रेस का मानना है कि विपक्षी एकता बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उसकी है, इसलिए फिलहाल संयम से काम लेना जरूरी है।

वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 26 सीटों के प्रस्ताव को लेकर कहा है कि यह सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि जीतने वाली सीटों से शुरुआत है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि दोनों दलों का लक्ष्य मिलकर सरकार बनाना है और इसके लिए कुछ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार समझौता करना पड़ सकता है। अखिलेश ने सहयोगियों से अपने उम्मीदवारों को पीडीए प्रत्याशी के रूप में पेश करने की भी बात कही।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सपा और कांग्रेस 2027 के चुनाव से पहले सीटों और उम्मीदवारों को लेकर सहमति बना पाएंगे? कांग्रेस जहां गठबंधन बनाए रखने के लिए फिलहाल सार्वजनिक टकराव से बचना चाहती है, वहीं सपा की ओर से लगातार हो रही घोषणाओं ने उसके नेताओं की बेचैनी बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच बातचीत और सीटों को लेकर होने वाले फैसले गठबंधन की दिशा तय करेंगे।

Related Articles

Back to top button