Uttar Pradesh

PM मोदी के लखनऊ दौरे पर अभेद्य सुरक्षा घेरा, 5000 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा; स्नाइपर और एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पीएम की सुरक्षा के लिए करीब 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में एसपीजी, एनएसजी, एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड, स्नाइपर टीम, एंटी-ड्रोन सिस्टम और नाइट-विजन यूनिट्स शामिल रहेंगी। प्रधानमंत्री के एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर कार्यक्रम स्थल तक जाने और वापसी के दौरान पूरे रूट पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा।

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री 21 नवंबर को शाम 4:55 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से शहीद पथ होते हुए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक करीब 24 किलोमीटर के रूट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। शाम करीब 5:30 बजे पीएम मोदी कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी की 11 कंपनियां और दो प्लाटून, रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स की दो कंपनियां, एक एनएसजी टीम और एटीएस की तीन टीमें शामिल रहेंगी। इसके अलावा स्नाइपर टीम, एनएसजी का एंटी-ड्रोन सिस्टम और छह एक्सेस-कंट्रोल टीमें भी तैनात रहेंगी। पुलिस अधिकारियों के साथ करीब 2,000 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल, ट्रैफिक पुलिस तथा तकनीकी निगरानी यूनिट्स भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी।

पीएम मोदी के स्वागत के लिए लखनऊ को भी सजाया जा रहा है। नगर निगम ने एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक सड़क के किनारे विशेष लाइटिंग कराई है। शहीद पथ पर पेड़-पौधों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। इसके साथ ही रास्ते में स्वच्छता जागरूकता से जुड़ी पेंटिंग्स भी बनाई गई हैं।

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी 21 और 22 नवंबर को लखनऊ दौरे पर रहेंगे। वह शनिवार दोपहर 3:45 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और शाम को पांचवें स्किल दीक्षांत समारोह एवं राष्ट्रीय टॉपर्स सम्मान समारोह में शामिल होंगे। रविवार को वह बीबीडी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:05 बजे देहरादून रवाना होंगे।

Related Articles

Back to top button