National-News

परिसीमन पर INDI गठबंधन की तीन मांगें, बोला विपक्ष- लोकसभा की मौजूदा सीटें रहें बरकरार; 25 साल तक न बदले राज्यों का हिस्सा

प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर INDI गठबंधन ने अपनी तीन प्रमुख मांगें सामने रखी हैं। विपक्ष चाहता है कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या में कोई बदलाव न किया जाए, इसी संख्या के भीतर महिलाओं को आरक्षण दिया जाए और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरकरार रखा जाए। शनिवार को नई दिल्ली में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर गठबंधन के नेताओं की बैठक के बाद कांग्रेस ने ये मांगें रखीं।

बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और टीएमसी, समाजवादी पार्टी, आरजेडी, डीएमके समेत कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर चर्चा करना और 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र के लिए साझा रणनीति तैयार करना था। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बढ़ाने की जरूरत नहीं है।

बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव सत्ताधारी दल को लंबे समय तक सत्ता में बनाए रखने के उद्देश्य से लाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित संशोधन में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया है। खरगे की मांग है कि प्रत्येक राज्य में SC-ST के लिए आरक्षित सीटों की संख्या उनकी आबादी के अनुपात में होनी चाहिए।

खरगे ने आगामी जनगणना के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि नए जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर SC-ST के आरक्षण का अनुपात तय किया जाना चाहिए। वहीं, विपक्षी दलों के बीच परिसीमन के प्रस्ताव को लेकर एकमत नहीं होने की बात भी सामने आई है। कुछ क्षेत्रीय दलों ने संशोधित प्रस्तावों के समर्थन के संकेत दिए हैं, जबकि अन्य दल राज्यों के प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Related Articles

Back to top button