Politics

नीतीश की स्थिति खराब! बीजेपी बताएगी सीएम कौन? – अशोक गहलोत का बड़ा बयान

बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार चुनाव प्रभारी अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का दावेदार माना जाता था, लेकिन अब बीजेपी उनकी मुख्यमंत्री पद की घोषणा करने को भी तैयार नहीं है। गहलोत के मुताबिक, आज नीतीश कुमार की स्थिति ऐसी हो गई है कि सरकार बनने के बाद भी यह तय नहीं है कि वह मुख्यमंत्री बन पाएंगे या नहीं।

अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने बार-बार पार्टियां बदलकर अपनी छवि को खुद ही नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में इस बार महागठबंधन की जीत तय है। उनका मानना है कि बिहार में बदलाव सिर्फ राजनीतिक परिवर्तन नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए जरूरी है। यह चुनाव सिर्फ बिहार का नहीं, बल्कि पूरे देश को संदेश देने वाला है।

गहलोत ने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और राहुल गांधी की यात्रा के बाद से बिहार में माहौल काफी बदल गया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में यह सवाल उठ रहा है कि बीजेपी हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में किस तरह सत्ता में आई।

कांग्रेस नेता का कहना है कि बिहार की जनता 20 साल बाद बदलाव चाहती है और बीजेपी का घमंड अब टूटना चाहिए। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह चुनाव को युद्ध की तरह लड़ती है, जबकि लोकतंत्र में चुनाव जनता की राय और उम्मीदों पर निर्भर होना चाहिए। उनके अनुसार, बीजेपी के इस ‘युद्ध शैली’ चुनाव प्रचार से समाज में तनाव और हिंसा का खतरा बढ़ जाता है।

Related Articles

Back to top button