
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी दिसंबर से चुनावी अभियान को रफ्तार देने की तैयारी में है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सघन दौरे कर सकते हैं। शीर्ष नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बीजेपी की रणनीति के तहत प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दी जाएगी। यात्राओं का समापन लखनऊ में एक बड़ी रैली के साथ करने की योजना है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर सकते हैं। इसके अलावा बूथ सम्मेलन और शक्ति केंद्रों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में गृह मंत्री अमित शाह भी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं।
पार्टी ने संगठन और सरकार के बीच संवाद बढ़ाने की भी योजना बनाई है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वे स्थानीय स्तर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर सरकार और संगठन के कामकाज पर फीडबैक लेंगे। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं से मिलने वाले सुझावों को आगामी चुनाव की तैयारियों और टिकट वितरण की रणनीति में भी ध्यान में रखा जा सकता है।
इस बार बीजेपी सोशल मीडिया पर भी विशेष जोर देने की तैयारी में है। पार्टी हर जिले में यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की पहचान करेगी। इनके माध्यम से सरकार की योजनाओं और पार्टी की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जा रही है।
गौरतलब है कि मथुरा में हुई बीजेपी की दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में चुनावी रोडमैप पर चर्चा की गई थी। 2022 में सत्ता में वापसी के बाद पार्टी के सामने 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती है। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन के बाद बीजेपी उन क्षेत्रों और सीटों पर भी विशेष ध्यान देने की तैयारी कर रही है, जहां उसे पिछले चुनावों में नुकसान हुआ था।



