Politics

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त, कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा का पूरा परिवार हारा

राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने बीजेपी पर बढ़त बनाई है। चुनाव में कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और उनके दोनों बेटे चुनाव हार गए। वहीं, राजस्थान पुलिस में डीआईजी अरशद अली की पत्नी जरीना खान को भी हार का सामना करना पड़ा।

श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड-20 से मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे अजय सिंह खर्रा चुनाव हार गए। वहीं, वार्ड-19 से उनके बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा को भी शिकस्त मिली। अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड-17 से मंत्री की पत्नी शांति देवी 51 वोटों से चुनाव हार गईं। इसके अलावा सीकर जिला परिषद के वार्ड-48 से बीजेपी की पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी को भी हार का सामना करना पड़ा।

जिला परिषद के वार्ड-47 में डीआईजी अरशद अली की पत्नी जरीना खान चुनाव हार गईं। इस सीट पर कांग्रेस की नसीम बानो ने जीत दर्ज की। वहीं, जिला परिषद के वार्ड-44 से बीजेपी के ताराचंद धायल ने कांग्रेस के अनिल को हराया।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, अब तक घोषित नतीजों में बीजेपी ने 645 पंचायत समिति सीटों में से 214 पर जीत दर्ज की है, जबकि जिला परिषद की सात सीटों में से तीन सीटें उसके खाते में गई हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस को पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव में बढ़त मिली है। उपलब्ध रुझानों के मुताबिक, कांग्रेस 144 सीटों पर, बीजेपी 88 और अन्य दल 45 सीटों पर आगे हैं।

अन्य दलों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 33 पंचायत समिति सीटें, सीपीआई(एम) ने 14, बहुजन समाज पार्टी ने 9 और भारत आदिवासी पार्टी ने 5 सीटें जीती हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 57 सीटें गई हैं। वहीं, कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर जिलों में मतगणना 17 दिसंबर को होगी। इन चार जिलों की 38 पंचायत समितियों के तहत 128 जिला परिषद और 702 पंचायत समिति वार्ड आते हैं।

राजस्थान के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों और जिला परिषदों के चुनाव में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर थी। जिला परिषद के 1,275 वार्डों के लिए 4,069 उम्मीदवार और पंचायत समिति के 7,543 वार्डों के लिए 25,108 उम्मीदवार मैदान में थे।

Related Articles

Back to top button