PM मोदी और स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन की अहम बैठक, व्यापार-निवेश से तकनीक तक कई मुद्दों पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन के बीच सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया और इसके बाद भारत और स्विट्जरलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को लेकर विस्तृत बातचीत की। बैठक में व्यापार, निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, मोबिलिटी और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया। भारत और स्विट्जरलैंड के बीच बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों की कोशिश आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने की है।
स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन की भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ यानी EFTA के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) के लागू होने का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। इस समझौते को दोनों देशों के आर्थिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परमेलिन ने भी अपनी भारत यात्रा को इस समझौते की पहली वर्षगांठ के संदर्भ में आर्थिक रिश्तों को और आगे बढ़ाने का अवसर बताया है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित औपचारिक स्वागत समारोह के बाद गाइ परमेलिन ने भारत और स्विट्जरलैंड के रिश्तों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनकी भारत यात्रा दोनों देशों के संबंधों के महत्व को रेखांकित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उनके मुताबिक भारत और स्विट्जरलैंड के संबंध साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विश्वास और आपसी सम्मान पर आधारित हैं।
स्विस राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की उनकी यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही व्यापक और करीबी साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने द्विपक्षीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भारत के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने की उम्मीद जताई। इस दौरान उन्होंने भारत-EFTA TEPA के लागू होने की पहली वर्षगांठ का भी विशेष रूप से उल्लेख किया।
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन से मुलाकात की। जयशंकर ने भारत और स्विट्जरलैंड के बीच साझेदारी को और गहरा करने की परमेलिन की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने भरोसा जताया कि राष्ट्रपति परमेलिन और प्रधानमंत्री मोदी के बीच होने वाली बातचीत से दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गति मिलेगी।
एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत-EFTA TEPA की संभावनाओं को आगे बढ़ाते हुए साझेदारी को और मजबूत करने के राष्ट्रपति परमेलिन के विचार महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस यात्रा के दौरान होने वाली उच्चस्तरीय बातचीत से भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापक क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा।
स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी भारत की पहली राजकीय यात्रा है। हालांकि, इस साल फरवरी में वह नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आ चुके हैं।
परमेलिन के साथ वरिष्ठ अधिकारियों और कारोबारी नेताओं का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। उनकी इस यात्रा का मुख्य फोकस व्यापार, निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और मोबिलिटी समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करना है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक से दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और नई दिशा मिल सकती है।