स्विस राष्ट्रपति के जेवर दौरे से पहले बड़ा ट्रैफिक बदलाव, 15 घंटे एक्सप्रेसवे पर मालवाहक वाहनों की नो एंट्री
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पमोर्लिन के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर दौरे को देखते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंगलवार, 6 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। करीब 15 घंटे तक लागू रहने वाले इस डायवर्जन के दौरान मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस के मुताबिक, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर आने-जाने वाले ट्रक और अन्य मालवाहक वाहनों को एक्सप्रेसवे पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जरूरत के अनुसार कुछ वाहनों को एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से भी निकाला जा सकता है। हालांकि, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, ताकि किसी आपात स्थिति में सेवाएं प्रभावित न हों।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मंगलवार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे या यमुना एक्सप्रेसवे से सफर करने से पहले अपने वैकल्पिक मार्ग की जानकारी जरूर कर लें। यातायात से जुड़ी किसी भी परेशानी या सहायता के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।
यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए अलग-अलग डायवर्जन रूट तय किए गए हैं। जेवर-टप्पल की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकता के अनुसार टप्पल की तरफ वापस भेजकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। वहीं, खुर्जा की तरफ से जेवर आने वाले व्यावसायिक वाहनों को खुर्जा से ही डायवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह सिकंदराबाद और ककोड़ की ओर से जेवर की तरफ आने वाले मालवाहक वाहनों को चचूला नहर से खेरली नहर की ओर भेजा जाएगा। आगरा की तरफ जाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम रखा जा सके और राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात सुचारू बना रहे।
स्विस राष्ट्रपति गाय पमोर्लिन मंगलवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का दौरा करेंगे। इस दौरान वह एयरपोर्ट के आधुनिक टर्मिनल, कार्गो सुविधाओं और बिजनेस से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सकते हैं। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी और कारोबारी प्रतिनिधियों का एक दल भी मौजूद रहेगा।
जेवर एयरपोर्ट से घरेलू उड़ान सेवाएं जून 2026 में शुरू हो चुकी हैं और दिसंबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं शुरू करने की तैयारी चल रही है। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का जेवर एयरपोर्ट दौरा भारत और स्विट्जरलैंड के बीच कारोबारी एवं आर्थिक संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।