
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार शाम होने वाली उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में 24 प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। इनमें सेमीकंडक्टर नीति, जेवर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अहम प्रस्ताव शामिल हैं।
बैठक की कार्यसूची के अनुसार, उत्तर प्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2024 के तहत ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ को वित्तीय सहायता देने के लिए 145.71 करोड़ रुपये यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके अलावा आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में ‘डीप टेक यू-हब’ बनाने को भी मंजूरी मिल सकती है।
नागरिक उड्डयन और अवस्थापना से जुड़े प्रस्तावों में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के स्टेज-2/फेज-1 विस्तार के लिए विस्थापित परिवारों के पुनर्वास और भूमि मुआवजे का मुद्दा शामिल है। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना ‘उड़ान’ के तहत एमओयू को भी मंजूरी मिल सकती है।
वहीं, वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए 4.19 एकड़ नॉन-जेडए भूमि गृह मंत्रालय को निःशुल्क पट्टे पर देने का प्रस्ताव रखा गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 102 एम्बुलेंस और 108 आपातकालीन चिकित्सा परिवहन सेवा के तीसरे चरण के संचालन के लिए नए ऑपरेटरों के चयन पर भी विचार होगा।
इसके अलावा बाराबंकी में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक क्लस्टर की स्थापना, बागपत में पीपीपी मॉडल पर अंतरराष्ट्रीय योग एवं आरोग्य केंद्र का विकास और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली-2026 के प्रख्यापन सहित कुल 24 प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। हालांकि, इन प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी कैबिनेट बैठक के बाद ही मिलेगी।



