Posted By : Admin

4 साल में पूरी हुईं सभी गारंटी, CM भगवंत मान का बड़ा दावा

पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के चार साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने तय समय से पहले ही अपनी सभी गारंटियां पूरी कर राजनीति में एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां अन्य पार्टियां पांच साल में भी अपने वादे पूरे नहीं कर पातीं, वहीं उनकी सरकार ने चार साल में ही जनता से किए वादों को पूरा कर दिखाया है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की जनता ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा को नकारकर उनकी सरकार पर भरोसा जताया था और उन्होंने इस भरोसे को टूटने नहीं दिया। उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य में मुफ्त बिजली, किसानों को दिन में बिजली, 78 प्रतिशत खेतों तक नहरी पानी, 65,000 सरकारी नौकरियां और करीब 5.5 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा आम आदमी क्लीनिकों के जरिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज भी सुनिश्चित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के पुनर्निर्माण पर काम कर रही है। उन्होंने ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान, 1.55 लाख करोड़ रुपये के निवेश और सड़क सुरक्षा फोर्स जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार के इरादे स्पष्ट हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जहां अन्य पार्टियां सत्ता की चिंता कर रही हैं, वहीं उनकी सरकार पंजाब को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए काम कर रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने बताया कि केंद्र सरकार के सर्वे के अनुसार पंजाब के सरकारी स्कूल अब पढ़ाई के मामले में देश में अग्रणी बन चुके हैं। स्कूलों में एक लाख से अधिक डेस्क उपलब्ध कराए गए हैं और 9,000 से ज्यादा स्मार्ट क्लासरूम व 5,000 कंप्यूटर लैब स्थापित किए गए हैं। साथ ही 15,000 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की गई है और शिक्षकों को फिनलैंड, सिंगापुर और आईआईएम अहमदाबाद जैसे संस्थानों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत हर परिवार को बड़े निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में 881 आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं, जहां अब तक 5 करोड़ से अधिक लोगों का इलाज हो चुका है। इसके अलावा राज्य में 7 नए मेडिकल कॉलेज भी बनाए जा रहे हैं, जिससे MBBS की 600 नई सीटें बढ़ेंगी।

खेल और युवाओं के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से 3,000 आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं और 6,000 अन्य मैदानों पर काम जल्द शुरू होगा। गांवों में 6,000 इंडोर जिम भी बनाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को खेल और फिटनेस के बेहतर अवसर मिल सकें।

ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि चार वर्षों में 76,000 परिवारों को घर बनाने में सहायता दी गई है और 40,000 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का नवीनीकरण किया गया है। इसके अलावा हजारों गांवों के तालाबों की सफाई और मंडियों के आधुनिकीकरण का कार्य भी किया गया है।

कृषि सुधारों पर बोलते हुए भगवंत मान ने कहा कि पहली बार किसानों को सिंचाई के लिए दिन में आठ घंटे निर्बाध बिजली मिल रही है और 18,000 से अधिक नहरों को पुनर्जीवित किया गया है। गन्ने का दाम 416 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है, जो देश में सबसे अधिक है, जबकि फसल नुकसान पर 20,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा भी दिया गया है।

महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही पेंशन योजनाओं में लाखों नए लाभार्थियों को जोड़ा गया है और करोड़ों लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

अंत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के रास्ते पर चलते हुए पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।

Share This