पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच नरेंद्र मोदी का दौरा चर्चा में बना हुआ है। चुनावी प्रचार के सिलसिले में राज्य पहुंचे प्रधानमंत्री ने शुक्रवार सुबह हुगली नदी के तट पर समय बिताया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने अनुभव और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हुगली नदी में नाव पर बैठकर फोटोग्राफी भी की। तस्वीरों में वे कैमरा हाथ में लिए नजर आए, जबकि पृष्ठभूमि में हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु जैसे प्रमुख स्थल दिखाई दिए। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने गंगा और बंगाल के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि गंगा हर बंगाली के दिल में विशेष स्थान रखती है और यह केवल एक नदी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हुगली के तट पर बिताया गया समय उनके लिए मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर था।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने सुबह सैर करने वाले लोगों और नाविकों से भी बातचीत की। उन्होंने नाविकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के विकास और यहां के लोगों की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का पहला चरण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरा चरण 29 अप्रैल को आयोजित होगा। चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं। इस चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

