
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल की सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी और सीबीआई के पूर्व अधिकारी अनिल यादव बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। लखनऊ में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह और धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।
बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी का राजनीतिक सफर बहुजन समाज पार्टी से शुरू हुआ था। उन्होंने 2009 के लोकसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर बस्ती सीट से जीत हासिल की और 2014 तक सांसद रहे। 2014 में उन्हें भाजपा के हरीश द्विवेदी से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2020 में उन्होंने अपने चाचा राम प्रसाद चौधरी के साथ समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। अब अरविंद चौधरी के भाजपा में शामिल होने की चर्चा इसलिए भी है क्योंकि उनके चाचा राम प्रसाद चौधरी वर्तमान में बस्ती से सपा सांसद हैं।
वहीं, अनिल यादव सीबीआई में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) रह चुके हैं। उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़ने के बाद सामाजिक गतिविधियों में सक्रियता बढ़ाई और वर्ष 2020 में अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। अब उन्होंने भी सपा छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। भाजपा में शामिल होने के बाद अनिल यादव ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों से प्रभावित हैं।
दोनों नेताओं की ज्वाइनिंग को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के संगठन विस्तार के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। अरविंद चौधरी की बस्ती क्षेत्र में राजनीतिक पहचान है, जबकि अनिल यादव का सपा से पुराना जुड़ाव रहा है। हालांकि, इन नेताओं के पार्टी में आने से क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों पर कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।



