
वैश्विक मंच पर भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने 40.5 अंक के साथ एशिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली ताकत के रूप में अपनी जगह मजबूत की है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता माना गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2018 में इंडेक्स शुरू होने के बाद भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतर अब सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है।
भारत की बढ़ती ताकत के पीछे रक्षा सहयोग, सैन्य क्षमता और कूटनीतिक संबंधों की अहम भूमिका रही है। रिपोर्ट में भारत के रक्षा नेटवर्क में 2.1 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ बढ़ती रक्षा साझेदारी और ब्रह्मोस मिसाइल के निर्यात ने भारत के सुरक्षा प्रभाव को मजबूती दी है। सैन्य क्षमता में 0.5 अंक और भविष्य के संसाधनों में 1.2 अंकों का सुधार भी दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत को सबसे बड़ी बढ़त सांस्कृतिक प्रभाव के क्षेत्र में मिली है। इसमें 2.3 अंकों का सुधार हुआ और कुल स्कोर बढ़कर 43.8 हो गया। वहीं, भारत का कूटनीतिक प्रभाव स्कोर 70.3 अंक पर बना रहा। हालांकि, आर्थिक क्षमता के मामले में भारत को 0.7 अंकों का नुकसान हुआ और स्कोर घटकर 26.4 रह गया। लचीलेपन और आर्थिक संबंधों के स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ।
इस इंडेक्स में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों के बीच महज 5.3 अंकों का अंतर रह गया है, जो 2018 के बाद सबसे कम है। रिपोर्ट में अमेरिकी कूटनीतिक प्रभाव में भी गिरावट दर्ज की गई है। उसका स्कोर 6 अंक घटकर 76.7 रह गया।
लोवी इंस्टीट्यूट ने इस इंडेक्स में एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों का 131 संकेतकों के आधार पर मूल्यांकन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया में अमेरिका और चीन का दबदबा अब भी कायम है, लेकिन भारत अपनी सैन्य, आर्थिक और सांस्कृतिक ताकत के दम पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भारत के लिए यह उपलब्धि रक्षा और आर्थिक कूटनीति, दोनों लिहाज से अहम मानी जा रही है। रक्षा निर्यात में बढ़ोतरी और ब्रह्मोस जैसी स्वदेशी तकनीक की अंतरराष्ट्रीय पहुंच से घरेलू रक्षा उद्योग को प्रोत्साहन मिल सकता है। वहीं, मजबूत कूटनीतिक संबंध और स्थिर निवेश माहौल भारत को वैश्विक सप्लाई चेन में एक महत्वपूर्ण विकल्प बनाने में मदद कर सकते हैं।



