Politics

पंजाब में गठबंधन के बाद सीटों पर संग्राम! BJP ने अकाली दल से लुधियाना-अमृतसर समेत कई जिलों में मांगी ज्यादा सीटें

पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन के बाद अब विधानसभा सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी इस बार पुराने सीट बंटवारे के फॉर्मूले में बदलाव चाहती है। पार्टी का दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब के बड़े शहरों में उसका वोट प्रतिशत और संगठनात्मक आधार मजबूत हुआ है। इसी आधार पर बीजेपी ने लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और होशियारपुर समेत कई जिलों में पहले से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी दिखाई है।

गुरदासपुर और पठानकोट की कुल 10 विधानसभा सीटों में बीजेपी छह सीटों पर दावा कर रही है। इनमें पठानकोट जिले की सुजानपुर, भोआ और पठानकोट शहर के अलावा गुरदासपुर जिले की दीनानगर, गुरदासपुर और बटाला सीट शामिल बताई जा रही हैं। वहीं, लुधियाना की 14 सीटों में बीजेपी पुराने तीन के मुकाबले छह से सात सीटें मांग रही है। अमृतसर की 11 सीटों में पार्टी की मांग तीन से बढ़ाकर चार-पांच सीटों तक पहुंचने की चर्चा है।

दोआबा क्षेत्र में भी बीजेपी अपनी दावेदारी बढ़ाना चाहती है। जालंधर की नौ सीटों में पार्टी चार से पांच सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है, जबकि होशियारपुर की सात सीटों में तीन के बजाय चार से पांच सीटें चाहती है। पटियाला जिले में बीजेपी की नजर राजपुरा के साथ पटियाला शहरी और डेराबस्सी या पटियाला ग्रामीण सीट पर है। वहीं, मोहाली जिले की तीन विधानसभा सीटों में से दो पर पार्टी दावा कर रही है। हालांकि, ये सभी मांगें फिलहाल सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं और पार्टी की दावेदारी पर आधारित हैं।

बीजेपी की इस मांग से गठबंधन में अकाली दल के सामने सीटों का समीकरण चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अगर शहरी क्षेत्रों की ज्यादा सीटें बीजेपी के खाते में जाती हैं, तो अकाली दल की ग्रामीण और अर्ध-शहरी सीटों पर दावेदारी बढ़ सकती है। इस बीच अकाली दल के महासचिव और पूर्व मंत्री बलविंदर सिंह भूंदड़ ने कहा है कि दोनों पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा बातचीत से होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों का चयन केवल शहरी या ग्रामीण क्षेत्र के आधार पर नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता और उपयुक्तता को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button