Carrier

JEE Mains की आंसर-की में गलत सवालों को लेकर बढ़ा विवाद, एनटीए ने दी सफाई

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE Main) 2024 के दूसरे सत्र की प्रोविजनल आंसर-की को लेकर उठे सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में कई छात्रों और कोचिंग संस्थानों ने आंसर-की में संभावित त्रुटियों की ओर इशारा किया था। साथ ही, कुछ छात्रों ने अपने रिकॉर्डेड उत्तरों में खाली जगह और उत्तरों के गलत चिन्हांकन की शिकायतें भी की थीं।

इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए एनटीए ने कहा है कि वह परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। एनटीए का कहना है कि प्रोविजनल आंसर-की जारी होते ही उम्मीदवारों को उनके रिकॉर्ड किए गए उत्तरों को देखने की अनुमति दी जाती है, जिससे यदि कोई गलती हो, तो उसे चुनौती दी जा सके। एजेंसी ने यह भी बताया कि उम्मीदवारों द्वारा दी गई हर चुनौती पर गंभीरता से विचार किया जाता है।

फाइनल आंसर-की का करें इंतजार

एनटीए ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “आंसर-की को चुनौती देने की प्रक्रिया का उद्देश्य किसी भी संभावित गलती को सुधारना और परीक्षा में निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।” अभी जो आंसर-की उपलब्ध कराई गई है, वह केवल अस्थायी (प्रोविजनल) है। जेईई मेन का अंतिम परिणाम फाइनल आंसर-की के आधार पर ही तैयार किया जाएगा। इसलिए, प्रोविजनल आंसर-की को अंतिम न मानते हुए छात्रों को धैर्य रखना चाहिए।

छात्रों को सलाह

एनटीए ने यह भी सलाह दी है कि छात्र सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों और अनावश्यक चिंताओं से प्रभावित न हों। एजेंसी सभी आपत्तियों पर निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से विचार कर रही है।

कब जारी हुई थी प्रोविजनल आंसर-की

गौरतलब है कि 12 अप्रैल को एनटीए ने पेपर 1 (B.E./B.Tech) के लिए जेईई मेन सत्र 2 की प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी। इसके बाद कुछ कोचिंग संस्थानों और छात्रों ने कम से कम 9 सवालों को लेकर आपत्ति जताई थी।

इस पूरे विवाद के बीच, एनटीए ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले फाइनल आंसर-की और आधिकारिक स्कोर की प्रतीक्षा करनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button