सऊदी अरब को मिल सकता है अमेरिका का F-35 लड़ाकू विमान, ट्रंप ने दिए बड़े संकेत
अमेरिका और सऊदी अरब के रिश्तों में तेजी से मजबूती आ रही है और अब यह सहयोग रक्षा क्षेत्र तक पहुंच चुका है। सऊदी अरब ने अमेरिका से आधुनिक F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान खरीदने की इच्छा जताई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद संकेत दिए हैं कि इस सौदे पर विचार किया जा रहा है। साल की शुरुआत में ही सऊदी अरब ने सीधे तौर पर एफ-35 विमान खरीदने में रुचि दिखाई थी और अब इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होती दिख रही है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने एयर फ़ोर्स वन में यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सऊदी अरब बड़ी संख्या में लड़ाकू विमान खरीदना चाहता है। उन्होंने कहा कि क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने उनसे इस विषय पर विचार करने का अनुरोध किया है। ट्रंप के अनुसार सऊदी अरब 35 नहीं बल्कि उससे भी ज्यादा विमान खरीदने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रियाद लगभग 48 एफ-35 विमान हासिल करना चाहता है और इस पर ट्रंप प्रशासन गंभीरता से विचार कर रहा है।
इसी बीच सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस अगले सप्ताह अमेरिका के दौरे पर आने वाले हैं। व्हाइट हाउस में उनकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात तय है, जहां दोनों देशों के बीच आर्थिक और रक्षा समझौतों को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि एफ-35 डील पर भी इस मुलाकात में अहम निर्णय लिया जा सकता है।
ट्रंप ने इस संभावित समझौते को सिर्फ एक डील से ज्यादा बताया। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात सऊदी अरब के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने अब्राहम समझौते का जिक्र करते हुए उम्मीद जताई कि सऊदी अरब भी जल्द इस समझौते का हिस्सा बनेगा, जिसने इज़राइल और कई मुस्लिम देशों के बीच सामान्य संबंध स्थापित किए हैं।
एफ-35 लड़ाकू विमान दुनिया के सबसे आधुनिक स्टील्थ जेट माने जाते हैं और इन्हें हासिल करने से सऊदी अरब की सैन्य क्षमता काफी बढ़ जाएगी। अब सभी की निगाहें अगले हफ्ते होने वाली इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात पर टिकी हैं, जहां इस सौदे पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।