Breaking-News

‘इमरजेंसी ब्रेक काम नहीं कर रहा…’, असम रेल हादसे से ठीक पहले का वीडियो आया सामने, लोको पायलट की आवाज से उठे सवाल

असम में बुधवार सुबह हुए रेल हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसने दुर्घटना को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में लोको पायलट को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ट्रेन का सिग्नल लाल है, लेकिन इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम काम नहीं कर रहा। इसके कुछ ही सेकेंड बाद ट्रेन जोरदार झटके के साथ बैरिकेड्स से टकराती है और पटरी से उतर जाती है। सामने आए इस वीडियो ने हादसे के संभावित कारणों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में स्थित दिगारू रेलवे स्टेशन के पास मिजोरम जाने वाली कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। सामने आए वीडियो को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि इसे ट्रेन के इंजन के अंदर से रिकॉर्ड किया गया है। इसमें लोको पायलट को कहते सुना जा सकता है, “सिग्नल लाल है… इमरजेंसी लगा हुआ है, लेकिन काम नहीं कर रहा है। कुछ भी काम नहीं कर रहा है।” इसके तुरंत बाद तेज आवाज सुनाई देती है और ट्रेन हादसे का शिकार हो जाती है।

दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक, दिगारू स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सका और दुर्घटना हो गई। हालांकि, सामने आए वीडियो में इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम के काम नहीं करने की बात सुनाई देने के बाद तकनीकी खराबी की आशंका भी चर्चा में है। हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

हादसे से रेल सेवाएं प्रभावित

दुर्घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बहाली का काम शुरू किया। हादसे के कारण इस रूट पर रेल सेवाएं प्रभावित हुईं और कुछ ट्रेनों को दुर्घटनास्थल से पहले ही रोकना पड़ा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ट्रेन का इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम वास्तव में काम नहीं कर रहा था और यदि ऐसा था तो समय रहते इस तकनीकी समस्या को दूर क्यों नहीं किया जा सका? जांच में इन पहलुओं की पड़ताल अहम होगी।

Related Articles

Back to top button