
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में PDA रैली के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से जान गंवाने वाले 13 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन के परिवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए भरोसा दिलाया कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी उनके साथ मौजूद रहे।
परिवार से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा से जुड़े लोगों की गुंडागर्दी के कारण नाबालिग बच्चे की जान गई। उन्होंने कहा कि जेसीबी की टक्कर के बाद बच्चे को कुचल दिया गया। प्रदेश में इस तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को उनके किए की सजा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्यवर्धन चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक महान क्रांतिकारी के वंशज थे। उन्होंने इसे स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के साथ हुई क्रूरता बताते हुए प्रशासन को कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक, आर्यवर्धन अपनी बहन को ट्यूशन से लाने के लिए स्कूटर से जा रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर के AIIMS थाना क्षेत्र में झारखंडी और कुड़ाघाट के बीच एक जेसीबी ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को AIIMS गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने मृतक के पिता और बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत की शिकायत पर छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घटना में शामिल जेसीबी मशीन भी जब्त कर ली है। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी और प्रशासन की ओर से पर्याप्त एहतियाती इंतजाम नहीं किए गए थे।



