मुंबई: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई पुलिस का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं और इससे पहले मुंबई पुलिस में स्पेशल पुलिस कमिश्नर के पद पर कार्यरत थे। कानून और व्यवस्था संभालने वाले संयुक्त पुलिस आयुक्त के तौर पर वे सबसे अधिक समय तक इस पद पर रहने वाले अधिकारी रहे हैं।
देवेन भारती को महाराष्ट्र के तेज-तर्रार और कुशल अधिकारियों में गिना जाता है। उन्हें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है और मुख्यमंत्री ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
देवेन भारती का प्रोफाइल
देवेन भारती का जन्म बिहार के दरभंगा जिले में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा झारखंड से पूरी की और इसके बाद दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने मुंबई में डीसीपी जोन-7 (बांद्रा से अंधेरी) और डीसीपी क्राइम ब्रांच जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे महाराष्ट्र में पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) और एटीएस प्रमुख भी रह चुके हैं।
महत्वपूर्ण मामलों की जांच
देवेन भारती ने कई संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच की है। इनमें 26/11 मुंबई आतंकी हमला और पत्रकार जेडे की हत्या प्रमुख हैं। माना जाता है कि उन्होंने महाराष्ट्र में आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन के नेटवर्क को तोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
बुधवार को उनकी नियुक्ति से जुड़ा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि अब मुंबई पुलिस की कमान एक अनुभवी और दृढ़ अधिकारी के हाथों में है।

