Posted By : Admin

गोरखपुर में बारात से पहले बवाल: प्रेमिका पुलिस संग पहुंची, PAC कांस्टेबल फरार

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पीएसी कांस्टेबल की शादी उस समय विवादों में घिर गई जब उसकी कथित प्रेमिका पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और बारात निकलने ही वाली थी, लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और समारोह रुक गया।

जानकारी के अनुसार, खजनी थाना क्षेत्र के छपिया गांव निवासी विपिन यादव पीएसी में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले उसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद उसकी पहचान लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा पर काम करने वाली एक युवती से हुई। युवती, जो मूल रूप से आजमगढ़ की रहने वाली बताई जा रही है, ने आरोप लगाया है कि विपिन यादव ने उसे शादी का झांसा देकर पिछले दो वर्षों तक उसका शोषण किया।

युवती का कहना है कि आरोपी ने उससे विवाह का वादा किया था, लेकिन अब वह किसी अन्य युवती से शादी करने जा रहा था। जैसे ही उसे इस शादी की जानकारी मिली, वह पुलिस के साथ सीधे आरोपी के घर पहुंच गई। उस समय घर पर परछावन की रस्म चल रही थी और बारात की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। युवती ने मौके पर जमकर हंगामा किया और न्याय की मांग की, जिससे माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया।

इस अचानक घटनाक्रम से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी बीच आरोपी कांस्टेबल मौका पाकर वहां से फरार हो गया, जिसके चलते बारात निकल ही नहीं सकी और शादी टल गई। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से ही लखनऊ के गोमतीनगर थाने में मामला दर्ज है। उसी केस में कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गोरखपुर पहुंची थी। जयंत कुमार, थाना प्रभारी खजनी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Share This