Posted By : Admin

अब धूप की जरूरत नहीं! मिनटों में बनाएं सालभर चलने वाला नींबू का अचार

अगर आप सर्दियों में तेज धूप के बिना भी स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला नींबू का अचार बनाना चाहते हैं, तो यह तरीका बेहद काम का है। आमतौर पर नींबू का अचार बनाने में 20–25 दिन और तेज धूप की जरूरत पड़ती है, क्योंकि नींबू का छिलका मोटा होता है और गलने में समय लेता है। लेकिन अब बिना धूप और कम समय में इंस्टेंट नींबू का अचार भी तैयार किया जा सकता है, जो स्वाद में लाजवाब होने के साथ सालभर तक खराब नहीं होता।

नींबू का अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि जी मिचलाना, उल्टी और पाचन से जुड़ी समस्याओं में भी राहत देता है। विटामिन C से भरपूर नींबू खाने को एक अलग ही ताजगी देता है, और सब्जी न हो तो पराठे या दाल-चावल के साथ भी यह अचार खाने का मजा दोगुना कर देता है। यही वजह है कि घर में नींबू का अचार होना हमेशा फायदेमंद माना जाता है।

यह आसान और भरोसेमंद रेसिपी मशहूर शेफ निशा मधुलिका की बताई हुई है। इसके लिए 250 ग्राम नींबू, सरसों का तेल, हल्दी, काली मिर्च, राई, कलौंजी, हींग और स्वादानुसार नमक की जरूरत होती है। नींबू खरीदते समय इस बात का ध्यान रखें कि उनके छिलकों पर कोई दाग-धब्बे न हों और वे अच्छी तरह साफ हों।

इंस्टेंट अचार बनाने के लिए सबसे पहले नींबू को अच्छी तरह धोकर साफ किया जाता है। इसके बाद पानी उबालकर उसमें नींबू डालकर करीब 10 मिनट तक उबालना होता है। इससे नींबू जल्दी नरम हो जाते हैं और अचार बनने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। उबलने के बाद नींबू को ठंडा कर, पोंछकर सुखाया जाता है और चार-चार टुकड़ों में काटकर बीज निकाल दिए जाते हैं।

कटे हुए नींबू में हल्दी, लाल मिर्च, नमक और दरदरी कुटी काली मिर्च मिलाई जाती है। दूसरी ओर पैन में सरसों का तेल धुआं आने तक गर्म किया जाता है, फिर गैस धीमी कर उसमें राई, कलौंजी और हींग डालकर तेल को तैयार किया जाता है। यह गरम तेल मसालों में डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है, जिससे अचार का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं।

तैयार अचार को कांच के साफ और सूखे जार में भरकर रखा जाता है। इसे 2–3 दिन तक सामान्य तापमान पर रखने से अचार खाने लायक हो जाता है। दिन में एक-दो बार जार को हल्का हिला देना चाहिए, ताकि मसाले अच्छी तरह नींबू पर चढ़ जाएं।

अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहे, इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। जार को पहले गर्म पानी से धोकर पूरी तरह सुखाएं और अचार निकालने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का ही इस्तेमाल करें। नमी से अचार में फफूंद लग सकती है। सही तरीके से रखा गया यह इंस्टेंट नींबू का अचार आराम से एक साल तक खराब नहीं होता और हर मौसम में खाने का मजा देता है।

Share This