नई दिल्ली: गाजा में इजरायल के हवाई हमलों के बाद भारत सरकार ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। सरकार ने बुधवार को कहा कि गाजा की मौजूदा स्थिति को लेकर वह चिंतित है और वहां के संघर्ष प्रभावित लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाने का आह्वान किया। भारत की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब इजराइल ने मंगलवार को गाजा पर हवाई हमले फिर से शुरू कर दिए, जिससे जनवरी में हमास के साथ हुए युद्धविराम को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।
हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजराइली बमबारी में 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “हम गाजा की स्थिति को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हैं। सभी बंधकों की रिहाई अत्यंत आवश्यक है।” इसके अलावा, भारत सरकार ने संघर्ष प्रभावित गाजा के लोगों तक मानवीय सहायता जारी रखने की अपील की।
“यह सिर्फ शुरुआत है” – नेतन्याहू
इससे पहले, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि गाजा में किए गए मंगलवार के हवाई हमले “सिर्फ शुरुआत” हैं और जब तक युद्ध लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते, हमले जारी रहेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित अपने रिकॉर्डेड बयान में कहा कि इजरायल युद्धविराम पर बातचीत तभी करेगा जब सैन्य अभियान चलता रहेगा। उनके अनुसार, हमास के बंधकों की रिहाई के लिए सैन्य दबाव बनाए रखना आवश्यक है।
हमास के साथ संघर्षविराम समाप्त
इजराइल ने मंगलवार सुबह गाजा पट्टी पर अचानक हवाई हमले किए, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 404 फलस्तीनी नागरिक मारे गए। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस हमले की पुष्टि की। इन हमलों के कारण जनवरी में लागू संघर्षविराम समाप्त हो गया और पिछले 17 महीनों से जारी युद्ध के दोबारा भड़कने की आशंका बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल ने संघर्षविराम समझौते में संशोधन का प्रस्ताव रखा था, जिसे हमास ने अस्वीकार कर दिया। इसके बाद, इजराइली सेना को हमले का आदेश दिया गया। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि सैन्य अभियान का दायरा और बढ़ सकता है।

