वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इसकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस ट्रेन की क्षमता बढ़ाने का फैसला किया है। अब जल्द ही यह स्लीपर ट्रेन 16 कोच के बजाय 24 कोच के साथ चलेगी, जिससे ज्यादा यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल सकेगा और लंबी दूरी का सफर और सुविधाजनक हो जाएगा।
देश की पहली सेमी हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन वंदे भारत स्लीपर इस समय गुवाहाटी से हावड़ा के बीच चलाई जा रही है। लॉन्च होते ही इस ट्रेन को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। बुकिंग शुरू होने के कुछ ही घंटों में सभी सीटें फुल हो गईं और ऑक्यूपेंसी लगातार 100 फीसदी से ऊपर बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने ट्रेन की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है।
रेल मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रेलवे लगातार नए फैसले ले रहा है। वंदे भारत स्लीपर के शुरू होने के महज 10 दिनों के भीतर ही इसकी कोच संख्या बढ़ाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। यह पहली बार होगा जब वंदे भारत श्रेणी की किसी ट्रेन में 24 कोच लगाए जाएंगे।
फिलहाल 16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सभी श्रेणियों को मिलाकर कुल 823 बर्थ उपलब्ध हैं। लेकिन 24 कोच होने के बाद यह संख्या बढ़कर 1,224 बर्थ हो जाएगी। यानी यात्रियों की क्षमता में लगभग एक तिहाई की बढ़ोतरी होगी। इससे वेटिंग लिस्ट कम होगी और ज्यादा लोग इस आधुनिक स्लीपर ट्रेन में सफर कर सकेंगे।
रेलवे के अनुसार, 24 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में मेक इन इंडिया पहल के तहत तैयार की जाएगी। आधुनिक सुविधाओं, तेज रफ्तार और राजधानी-तेजस जैसी आरामदायक यात्रा के साथ यह ट्रेन लंबी दूरी के स्लीपर सफर में एक नया मानक स्थापित करने की ओर बढ़ रही है।

