
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों ने सुरक्षा चिंताओं के चलते अनिश्चितकाल के लिए परिसर में कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। अब छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रखने के लिए कहा गया है। यह निर्णय हाल ही में मीडिया में आई खबरों के अनुसार लिया गया है। प्रांत में आतंकी गतिविधियों में वृद्धि को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
किन विश्वविद्यालयों ने लिया निर्णय?
‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, बलूचिस्तान विश्वविद्यालय, सरदार बहादुर खान महिला विश्वविद्यालय और तुर्बत विश्वविद्यालय ने अपने डीन और शैक्षणिक विभागों के प्रमुखों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया है।
सुरक्षा कारणों से ऑनलाइन की गई पढ़ाई
गत सप्ताह आतंकवादियों ने सिबी के पास जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर हमला कर यात्रियों को बंधक बना लिया था। इस हमले में 18 सुरक्षाकर्मियों सहित कुल 26 लोगों की जान चली गई थी। तब से बलूचिस्तान में कई अन्य आतंकी घटनाएं हुई हैं। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में बढ़ते सुरक्षा खतरों के कारण तीनों विश्वविद्यालयों ने छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने का निर्देश दिया है।
परेशान हैं पाकिस्तानी सैनिक
इसके साथ ही पाकिस्तानी सैनिकों में भी असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल के दिनों में 2500 से अधिक सैनिकों ने सेना छोड़ दी है। इसकी मुख्य वजह बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था और लगातार सैनिकों का मारा जाना बताया जा रहा है।