पंजाब के फाजिल्का जिले के डबवाला कलां गांव में सरपंच चुनाव के नतीजे करीब दो साल बाद पूरी तरह बदल गए हैं। हाईकोर्ट के आदेश पर हुई दोबारा मतगणना में पहले 114 वोटों से हारे उम्मीदवार अविनाश चंद्र अब 77 वोटों से विजयी घोषित किए गए हैं। फैसले के बाद गांव की राजनीति में हलचल मच गई है और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2024 को हुए सरपंच चुनाव में अविनाश चंद्र को 114 वोटों से पराजित घोषित किया गया था। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं और धांधली के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि मतगणना के दौरान उन्हें वोटों की सही जानकारी नहीं दी गई और सीधे हार की घोषणा कर दी गई। इसके बाद उन्होंने पहले एसडीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई और मामला आगे चलकर हाईकोर्ट पहुंच गया।
न्यायालय में सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए दोबारा मतगणना के आदेश जारी किए। आदेश के तहत गुरुवार को पुनर्गणना करवाई गई, जिसकी अगुवाई एडीसी डी सुभाष चंद्र ने की। रीकाउंटिंग के बाद नतीजे पूरी तरह बदल गए और अविनाश चंद्र को 77 वोटों से विजेता घोषित किया गया।
अविनाश चंद्र ने कहा कि गांव के लोगों ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया था और अब “सच की जीत” हुई है। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया और बधाई देने वालों का तांता लग गया।
इस फैसले के बाद डबवाला कलां गांव में चुनावी पारदर्शिता और न्यायिक हस्तक्षेप को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हाईकोर्ट के आदेश पर बदले नतीजों ने यह संदेश भी दिया है कि चुनाव प्रक्रिया में उठे सवालों की कानूनी जांच संभव है और न्याय मिलने में देर हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं।

