
पहलागाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने आतंकियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ “ऑपरेशन सिंदूर” नामक एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत देशभर में असामाजिक तत्वों और पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी सिलसिले में हरियाणा के नूंह जिले से एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किया गया शख्स मोहम्मद तारीफ है, जो हरियाणा के मेवात जिले के तावड़ू तहसील स्थित कंगरका गांव का रहने वाला है। नूंह पुलिस ने मोहम्मद तारीफ और पाकिस्तान उच्चायोग के दो अधिकारियों के खिलाफ तावड़ू सदर थाने में केस दर्ज किया है। पुलिस को शक है कि तारीफ भारत की सैन्य गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान को भेज रहा था।
इससे पहले भी इसी जिले से राजाका गांव के अरमान नामक युवक को दो दिन पहले दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था। अरमान पर भी भारत की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात अधिकारी को देने का आरोप है। जांच एजेंसियों की ओर से मिले इनपुट के बाद यह कार्रवाई की गई थी। पुलिस के अनुसार, अरमान लंबे समय से व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए पाकिस्तानी संपर्कों के साथ सूचनाएं साझा कर रहा था। उसके मोबाइल से सेना से जुड़ी जानकारियां, तस्वीरें और वीडियो भी बरामद हुए हैं।
अब तक 11 संदिग्धों की गिरफ्तारी
“ऑपरेशन सिंदूर” की शुरुआत के बाद अब तक पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के लोग शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- ज्योति मल्होत्रा (हरियाणा)
- अरमान (नूंह, हरियाणा)
- मोहम्मद तारीफ (नूंह, हरियाणा)
- देवेंद्र सिंह ढिल्लों (कैथल, हरियाणा)
- मोहम्मद मुर्तजा अली (जालंधर, पंजाब)
- गजाला (पंजाब)
- यासीन मोहम्मद (पंजाब)
- सुखप्रीत सिंह (गुरदासपुर, पंजाब)
- करणबीर सिंह (गुरदासपुर, पंजाब)
- शहजाद (मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश)
- नोमान इलाही (कैराना, उत्तर प्रदेश)
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सुरक्षा एजेंसियां देशविरोधी तत्वों पर सख्त रवैया अपनाए हुए हैं और किसी भी कीमत पर देश की सुरक्षा से समझौता नहीं होने दिया जाएगा।