पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने एक बार फिर सख्त रुख दिखाया है। राज्यभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत पुलिस ने बीते दिनों व्यापक कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों और अपराधियों पर बड़ा शिकंजा कसा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 20 दिनों में पूरे प्रदेश में 17,603 छापेमारी की गईं, जिनमें 5,290 गैंगस्टर और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 128 अवैध हथियार बरामद किए गए और 344 घोषित भगोड़े अपराधियों को पकड़ा गया है।
सरकार की ओर से बताया गया कि यह केवल एक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि अपराध और गैंगस्टरवाद के खिलाफ “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति का हिस्सा है। 72 घंटे के विशेष महाअभियान में डीजीपी गौरव यादव की अगुवाई में राज्यभर में एक साथ नाकाबंदी, छापेमारी और धरपकड़ की कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारी खुद जिलों की निगरानी कर रहे हैं और हाई-टेक नाकों के जरिए बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती बरती जा रही है।
इससे पहले जनवरी में चलाए गए पहले ऑपरेशन प्रहार के दौरान 72 घंटों में 3,256 गिरफ्तारियां हुई थीं और 69 अवैध हथियार बरामद किए गए थे। उस अभियान को पंजाब के इतिहास का सबसे बड़ा समन्वित पुलिस ऑपरेशन माना गया था, जिसमें 12,000 से अधिक पुलिसकर्मी और 1,200 से ज्यादा टीमें मैदान में उतरी थीं। मौजूदा प्रहार-2 के आंकड़े उस अभियान से भी आगे जाते दिखाई दे रहे हैं।
गैंगस्टरों के साथ-साथ राज्य सरकार ने नशा तस्करी के खिलाफ भी मोर्चा खोला हुआ है। ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत 1 मार्च 2025 से अब तक 48,167 नशा तस्करों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इस दौरान 2,149 किलो हेरोइन बरामद की गई और 15.91 करोड़ रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई है। अब तक 33,779 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जो सरकार की सक्रिय कार्रवाई को दर्शाती हैं।
सरकार का दावा है कि इन कार्रवाइयों से अपराधियों के नेटवर्क को जड़ से कमजोर किया जा रहा है और राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने साफ संदेश दिया है कि पंजाब में न तो गैंगस्टरवाद बर्दाश्त किया जाएगा और न ही नशे का कारोबार। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि वे हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से जानकारी देकर इस अभियान में सहयोग करें।
राज्यभर में चल रहे इस व्यापक अभियान के बीच पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ और आम लोगों में भरोसे का माहौल दिखाई दे रहा है। सरकार का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और पंजाब को अपराध और नशामुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर कदम उठाए जाएंगे।

