Posted By : Admin

मिशन 2027: अकाली दल का बड़ा दांव, 40 रैलियों से साधेगा पंजाब का चुनावी मैदान

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए शिरोमणि अकाली दल ने ‘मिशन 2027’ के तहत राज्यव्यापी संपर्क अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है। पार्टी ने वैसाखी तक प्रदेशभर में 40 रैलियां आयोजित करने का ऐलान किया है। इस अभियान की पहली रैली 17 फरवरी को कादियां से होगी, जो विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा का क्षेत्र है।

पार्टी ने अपने अभियान को नारा दिया है— “2027 में सुखबीर सिंह बादल ले आओ, पंजाब की तरक्की को पुनः शुरू करवाओ।” इस नारे के साथ अकाली दल आगामी चुनावों में सुखबीर सिंह बादल को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री और पार्टी नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने जानकारी दी कि 30 मार्च तक 28 रैलियां आयोजित की जाएंगी, जबकि शेष रैलियां वैसाखी तक पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन रैलियों के माध्यम से पार्टी सीधे जनता के बीच जाएगी और राज्य के अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

डॉ. चीमा ने बताया कि अभियान के दौरान कानून व्यवस्था, किसानों की आर्थिक स्थिति, पंजाब के पानी का मुद्दा और चंडीगढ़ से जुड़े विषयों को केंद्र में रखा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है और किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। अकाली दल इन मुद्दों पर मौजूदा सरकार को घेरने की तैयारी में है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, अकाली दल की यह रणनीति चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। आमतौर पर पार्टी अपने बड़े अभियानों की शुरुआत मोगा से करती रही है, लेकिन इस बार कादियां को चुनना एक सियासी संदेश माना जा रहा है। इसे कांग्रेस को सीधी चुनौती और क्षेत्रीय संतुलन साधने की नई रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

‘मिशन 2027’ के जरिए अकाली दल ने स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय हो चुका है और राज्य की राजनीति में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए आक्रामक अभियान चलाने की तैयारी में है।

Share This